
- भोजपुर के बीबीगंज चकिया गांव में शादी समारोह के दौरान हथियारबंद बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, राहुल और दीपक की मौके पर मौत, सोनू गंभीर रूप से घायल; पुरानी रंजिश की आशंका पर एसआइटी गठित
आरा : शादी समारोह में शामिल होने की खुशियां उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दो युवकों की जान ले ली। भोजपुर जिले के आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीबीगंज चकिया गांव में मंगलवार की देर रात हुई इस वारदात में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों दोस्त अपने मामा की बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे थे। घटना के बाद समारोह में अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शुभकरगंज निवासी 18 वर्षीय राहुल कुमार और 22 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई है। वहीं, गोली लगने से घायल युवक की पहचान दौलतपुर निवासी 18 वर्षीय सोनू कुमार के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
विवाद के बाद तीनों दोस्तों को बनाया निशाना
बताया जा रहा है कि तीनों दोस्त अपने मामा की बेटी की शादी में शामिल होने बीबीगंज चकिया गांव पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद हथियारबंद बदमाशों ने तीनों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से राहुल और दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। अचानक हुई गोलीबारी से शादी समारोह में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
पुरानी रंजिश की आशंका, पुलिस कर रही जांच
घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। शुरुआती जांच में पुलिस को वारदात के पीछे पूर्व का विवाद या पुरानी रंजिश होने की आशंका है। हालांकि, गोलीबारी की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
एसआइटी गठित, आरोपितों की तलाश में छापेमारी
सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार ने बताया कि घटना की जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआइटी) गठित की गई है। पुलिस आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। घटनास्थल से तीन खोखा और एक पिस्टल बरामद किए जाने की जानकारी है। पुलिस घायल युवक का बयान लेने के साथ घटना के पीछे के विवाद और आरोपितों की भूमिका की जांच में जुटी है।












