



जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चण्डीनगर में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज हिंसक घटना सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 28 वर्षीय युवक सन्नी पुष्टी पर धारदार हथियार (चापड़) से हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, घटनास्थल पर मौजूद एक अन्य युवक नंदु लोहार को गोली लग गई, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना स्थल से पुलिस ने दो जिंदा गोलियां बरामद की हैं। इस बरामदगी से यह अंदेशा जताया जा रहा है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंचे थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग दहशत में हैं।
सूत्रों के मुताबिक, कुछ दिन पहले रामनवमी जुलूस के दौरान बच्चों के बीच हुई मामूली कहासुनी ने धीरे-धीरे विवाद का रूप ले लिया, जो समय के साथ गहरी रंजिश में बदल गया। आशंका है कि इसी पुरानी दुश्मनी के चलते इस हमले को अंजाम दिया गया।
घायल सन्नी पुष्टी छायानगर का निवासी बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
वहीं, परिजनों ने करण, समीर जेना, प्रिंस लोहार, कुणाल उर्फ छिला और अभिषेक उर्फ चूहा समेत कई युवकों पर हमले का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की निष्पक्ष जांच की बात कही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
