
जमशेदपुर: सामाजिक संस्था प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन (टीम पीएसएफ) ने अपने 25 वर्षों के सामाजिक सफर के उपलक्ष्य में रविवार को बिष्टुपुर स्थित मिलानी हॉल के नवनिर्मित प्रेक्षागृह में भव्य वार्षिक सम्मान समारोह का आयोजन किया। समारोह में झारखंडी संस्कृति, मानव सेवा और रक्तदान के प्रति समर्पण का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अर्णव मिश्रा ने टीम पीएसएफ के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी संस्थाएं समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने रक्तदाताओं और रक्तदान शिविर आयोजित करने वाली संस्थाओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. साहिर पाल, संतोष महतो, नीला सेनगुप्ता, ज्योत्सना सरकार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक स्वागत, राष्ट्रीय गीत, गणेश वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। झारखंडी संस्कृति से सराबोर आयोजन में आदिवासी परंपराओं के अनुरूप अतिथियों का स्वागत किया गया। नगाड़ों की गूंज और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को विशेष बना दिया।
इस दौरान वर्षभर रक्तदान शिविर आयोजित करने वाली 80 से अधिक संस्थाओं को सम्मानित किया गया। वहीं 10 शतकवीर रक्तदाताओं, एसडीपी रक्तदान अभियान से जुड़े पांच प्रमुख रक्तदाताओं तथा समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पांच लोगों को “टीम पीएसएफ गौरव मानव सेवा सम्मान” से नवाजा गया। जमशेदपुर ब्लड सेंटर से जुड़े समर्पित सदस्यों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में संस्था ने “टाइम बैंक” और “टीम पीएसएफ इमरजेंसी मेडिकल फंड बैंक” की शुरुआत की। इन योजनाओं का उद्देश्य सदस्यों एवं उनके परिवारों को आपातकालीन चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के दौरान पहलगाम में शहीद हुए निर्दोष नागरिकों और वीर जवानों को एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी दी गई।
सम्मान समारोह में 100 से 500 यूनिट तक रक्त संग्रह करने वाले 21 संस्थानों, 500 यूनिट से अधिक रक्त संग्रह करने वाले पांच संस्थानों तथा 100 यूनिट तक रक्त संग्रह करने वाले 40 संस्थानों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सम्मानित संस्थाओं में टाटा स्टील फाउंडेशन, नरेंद्र मोदी फैंस क्लब, उदगम, अर्पण और संजीव सेना समेत कई संस्थाएं शामिल रहीं।
कार्यक्रम का संचालन टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार ने किया। समारोह में उपस्थित अतिथियों, समाजसेवियों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने टीम पीएसएफ के 25 वर्षों के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

