Spread the love

जमशेदपुर: जमशेदपुर ब्लड सेंटर की वरीय मेडिकल ऑफिसर डॉ. विनीता कामथ को 31 वर्षों की गौरवपूर्ण और समर्पित सेवा के बाद शुक्रवार को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर टीम पीएसएफ ने स्वास्थ्य सेवा और मानवता के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को सम्मान देते हुए उन्हें मानव सेवा सम्मान’ से अलंकृत किया। समारोह में बड़ी संख्या में चिकित्सक, ब्लड सेंटर के पदाधिकारी और सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि मौजूद रहे। डॉ. विनीता कामथ वर्ष 1995 में जमशेदपुर ब्लड सेंटर से जुड़ी थीं। अपने लगभग 31 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने रक्तदान, रक्त संग्रह और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। शारीरिक निशक्तता के बावजूद उन्होंने अपने कर्तव्य के प्रति कभी समझौता नहीं किया और हर चुनौती का दृढ़ता एवं साहस के साथ सामना किया। उनकी सेवा भावना और समर्पण ने उन्हें स्वास्थ्य जगत में एक अलग पहचान दिलाई।

कोविड-19 महामारी, डेंगू जैसी आपात परिस्थितियों और अन्य चुनौतीपूर्ण दौर में भी डॉ. कामथ लगातार अग्रिम पंक्ति में रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती रहीं। मरीजों की सेवा और रक्तदान व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में उनकी भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही। उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए समय-समय पर विभिन्न सामाजिक संगठनों और मीडिया संस्थानों द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया जाता रहा है। विदाई समारोह में टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार ने डॉ. विनीता कामथ को मानव सेवा सम्मान’ प्रदान करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे सेवाकाल में सेवा, समर्पण और मानवीय मूल्यों की मिसाल पेश की है। उनका जीवन और कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

इस अवसर पर जमशेदपुर ब्लड सेंटर के महासचिव नलिनी राममूर्ति, सह सचिव रविंद्र दुगल, जीएम संजय चौधरी, डॉ. लव बहादुर सिंह, डॉ. रीता सिंह, डॉ. पुष्पा तिवारी, डॉ. निर्जला झा, दीपक कामथ, अरिजीत सरकार, कुमारेस हाजरा, रवि शंकर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह के अंत में टीम पीएसएफ के सदस्यों ने डॉ. विनीता कामथ के स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की कामना की तथा विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी संगठन हर सुख-दुख में उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।

error: Content is protected !!
Exit mobile version