Spread the love

जमशेदपुर: जमशेदपुर में चेन स्नैचिंग की लगातार दो घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार को बाइक सवार अपराधियों ने शहर के दो अलग-अलग इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाया। पहली घटना जुबली पार्क के बाहर हुई, जबकि दूसरी वारदात सोनारी थाना क्षेत्र के एच-रोड के पास हुई। दोनों मामलों में पुलिस जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पहली घटना सोनारी थाना क्षेत्र के एच-रोड के पास हुई। बुजुर्ग महिला अर्चना श्रीवास्तव किसी काम से ए-रोड गई थीं और पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली। वारदात के बाद भागने के दौरान बदमाशों की बाइक एक बड़े वाहन से टकरा गई, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। आसपास लोगों की भीड़ जुटती देख दोनों आरोपी बाइक मौके पर ही छोड़कर पैदल फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से बाइक जब्त कर ली है और उसके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

दूसरी घटना शहर के व्यस्त इलाके जुबली पार्क के मुख्य गेट के बाहर हुई। जानकारी के अनुसार, चंदना दास अपने नाती के साथ जुबली पार्क घूमने आई थीं। पार्क से बाहर निकलने के बाद वह रौनक फास्ट फूड के पास कुछ खाने के लिए रुकी थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और उनके गले से सोने की चेन झपटकर तेज रफ्तार से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी मौके से निकल चुके थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।

दोनों घटनाओं की खास बात यह है कि अपराधियों ने दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाया। जुबली पार्क के पास हुई वारदात की जगह से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) और उपायुक्त (डीसी) का कार्यालय स्थित है। इसके बावजूद अपराधियों का बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, जब्त बाइक और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वहीं, लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने शहर में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version