Spread the love

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिंहपोखरिया गांव में गुरुवार रात रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। शराब के नशे में धुत एक पिता ने अपने ही इकलौते बेटे की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 25 वर्षीय माटुल गोप के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसके पिता माटी गोप हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गुरुवार शाम किसी घरेलू बात को लेकर पिता और पुत्र के बीच कहासुनी शुरू हुई। उस समय माटी गोप शराब के नशे में था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट होने लगी।

इसी दौरान गुस्से में आए पिता ने डंडे से बेटे के सिर पर कई वार कर दिए। सिर पर गंभीर चोट लगने से माटुल गोप खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और गांव में कोहराम मच गया।

घटना की जानकारी ग्रामीणों ने गांव के मुंडा को दी। इसके बाद मुंडा ने मुफस्सिल थाना पुलिस को फोन कर पूरे मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी पिता माटी गोप को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।

मुफस्सिल थाना पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद सिंहपोखरिया गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीण इस घटना से स्तब्ध हैं और पिता द्वारा अपने ही इकलौते बेटे की हत्या की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version