
जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पूर्वी घाघडीह पंचायत के मां तारानी कॉलोनी (रोड नंबर दो) स्थित एक बंद घर को निशाना बनाते हुए चोरों ने छत काटकर करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली।
जानकारी के मुताबिक, घर के मालिक गौरांग मंडल का पूरा परिवार इन दिनों अपने पैतृक गांव घाटशिला के सुरदा में श्राद्ध कर्म में शामिल होने गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने सूने घर का फायदा उठाते हुए टीन की छत काटकर अंदर प्रवेश किया और पूरे घर में जमकर तांडव मचाया।
चोरों ने अलमारी, लॉकर, पलंग और सोफे तक को तोड़ डाला और करीब 1.5 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, चांदी के बर्तन और भगवान की चांदी की मूर्ति समेत कई कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
इतना ही नहीं, घर से संचालित कपड़ों के व्यवसाय को भी निशाना बनाया गया। चोरों ने महंगी साड़ियां और नए जींस पैंट के कई डब्बे भी चोरी कर लिए।
घटना का खुलासा तब हुआ जब परिजन वापस लौटे। मुख्य गेट खोलने पर अंदर से कुंडी बंद मिली, जिसके बाद छत के रास्ते अंदर जाकर देखा गया तो पूरा घर अस्त-व्यस्त था और सामान गायब था।
इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है। फिलहाल बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और मामले की छानबीन जारी है।