
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने अवैध नशाखोरी और सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी के खिलाफ शुक्रवार देर रात व्यापक अभियान चलाया। सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के निर्देश पर जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने चाईबासा शहर के बाईपास क्षेत्र समेत कई ग्रामीण इलाकों के होटल और लाइन होटलों में एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते हुए 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया।प्रशासन को लगातार शिकायत मिल रही थी कि कुछ होटलों में देर रात तक अवैध रूप से शराब परोसी जा रही है और खुलेआम शराबखोरी हो रही है। इसी सूचना के आधार पर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने चाईबासा बाईपास, खप्परसाई, सिंकूरसाई और टेकासाई क्षेत्र के कई होटलों में एक साथ दबिश दी। अचानक हुई कार्रवाई से होटल संचालकों और वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, जबकि कुछ लोग मौके से फरार होने में सफल रहे।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने होटल संचालकों के लाइसेंस, दस्तावेज और शराब बिक्री से जुड़े नियमों की भी जांच की। अंचल अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि बिना वैध अनुमति के शराब बेचना या परोसना कानून का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय के बाद होटल खुले पाए गए या नियमों का उल्लंघन हुआ तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ सीलिंग सहित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी से कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है और अपराध व सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। अभियान में सदर थाना प्रभारी हीराल महतो, मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार समेत जिला प्रशासन और पुलिस बल के कई अधिकारी शामिल रहे। प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार और सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी के खिलाफ आगे भी इसी तरह के औचक अभियान लगातार जारी रहेंगे।
