
जमशेदपुर: शहीद निर्मल महतो का 39वां शहादत दिवस शनिवार को जमशेदपुर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जमशेदपुर पहुंचे और शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले कदमा स्थित उलियान में स्थापित शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने उनके समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कई विधायक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। इस दौरान शहीद निर्मल महतो के संघर्ष, सामाजिक सरोकार और झारखंड आंदोलन में उनके योगदान को याद किया गया। प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आयोजित जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शहीद निर्मल महतो ने समाज और झारखंड के लोगों के हितों के लिए संघर्ष किया। उनके विचार आज भी लोगों को प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री ने उनके बताए रास्ते और सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने की बात कही।

चमरिया गेस्ट हाउस में भी हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम
इधर, बिष्टुपुर स्थित चमरिया गेस्ट हाउस में भी शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां सांसद विद्युत वरण महतो, पोटका विधायक संजीव सरदार, बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती, ईचागढ़ विधायक सविता महतो समेत कई नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शहीद निर्मल महतो को नमन किया।
चमरिया गेस्ट हाउस का शहीद निर्मल महतो की शहादत से गहरा संबंध है। 8 अगस्त 1987 को इसी गेस्ट हाउस के बाहर शहीद निर्मल महतो की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनकी शहादत के बाद हर वर्ष 8 अगस्त को जमशेदपुर सहित झारखंड के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
कदमा उलियान में शहीद निर्मल महतो की स्मृति में सबसे बड़ा कार्यक्रम आयोजित होता है, जिसमें राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं। इस दौरान शहीद निर्मल महतो के अधूरे सपनों और झारखंड के विकास के लिए उनके संघर्ष को याद किया जाता है।

