
सिद्धार्थ पाण्डेय /चाईबासा: अंतरराष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ, मेघाहातुबुरु की ओर से सामुदायिक भवन में भावपूर्ण सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संघ के महासचिव अफताब आलम ने किया। इस अवसर पर सेल अस्पताल किरीबुरू-मेघाहातुबुरु के चिकित्सकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में सीएमओ डॉ. नंदी जेराई, डॉ. अर्चना बेक सहित अन्य चिकित्सक, महिला खिलाड़ी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत डॉक्टरों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित करने से हुई। इसके बाद चिकित्सकों ने केक काटकर डॉक्टर्स डे मनाया और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में डॉ. नंदी जेराई और डॉ. अर्चना बेक ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए नियमित व्यायाम, योग, संतुलित आहार और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच आवश्यक है। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य को भी शारीरिक स्वास्थ्य के समान महत्व देने तथा नशे और अस्वस्थ जीवनशैली से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है और इसकी रक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। महासचिव अफताब आलम ने डॉक्टरों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि डॉक्टर हर दिन जीवन बचाने के लिए संघर्ष करने वाले सच्चे योद्धा हैं। उन्होंने कहा कि सफेद कोट मानवता, करुणा और सेवा का प्रतीक है तथा समाज को चिकित्सकों के समर्पण और योगदान का सदैव सम्मान करना चाहिए। कार्यक्रम में नीलम वर्मा, सनमयत देवी, टीना, संगीता पूर्ति, सुदर्शन पान, अर्जुन हेंब्रम सहित अनेक लोग उपस्थित रहे और सभी चिकित्सकों को अंतरराष्ट्रीय डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं दीं।