Spread the love

पश्चिम सिंहभूम: पश्चिमी सिंहभूम जिले में मौसम के बिगड़ते मिजाज के बीच वज्रपात ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र की करंजिया पंचायत स्थित डेबरासाई गांव में शनिवार को खेत में काम कर रही दो महिलाएं आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। गंभीर रूप से झुलसी दोनों महिलाओं को ग्रामीण तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान डेबरासाई गांव निवासी दशनावती हेम्ब्रम और शुक्रमनी हेम्ब्रम के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों महिलाएं शनिवार को अपने खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम में बदलाव आया और तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ। बिजली गिरने से दोनों महिलाएं बुरी तरह झुलस गईं और मौके पर ही उनकी हालत गंभीर हो गई।

घटना के बाद ग्रामीणों ने बिना देर किए दोनों को उपचार के लिए ओडिशा के चंपुआ अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दोनों की जांच की, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। मामले की जानकारी मिलने के बाद जगन्नाथपुर पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिए गए। दो महिलाओं की एक साथ मौत की खबर जैसे ही डेबरासाई गांव पहुंची, वहां शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version