जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के कलियाडीह स्थित कैनाल में रविवार सुबह एक महिला का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की नजर पानी में तैर रहे शव पर पड़ी तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कैनाल से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की उम्र करीब 34 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन देर शाम तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस महिला के परिजनों और उसकी पहचान से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी हुई है। शव नग्न अवस्था में मिला है। उसके हाथों में मेहंदी लगी हुई थी, जिससे स्थानीय लोगों के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
हत्या की आशंका जता रहे स्थानीय लोग
शव की स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने महिला की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि महिला के साथ किसी तरह की अनहोनी हुई हो सकती है और इसके बाद शव को कैनाल में फेंका गया होगा। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं की है और सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस को डूबने से मौत का शक
परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार के अनुसार महिला का शव कैनाल में तैरता हुआ मिला है। शुरुआती जांच में आशंका है कि महिला नहाने के दौरान पानी में डूब गई होगी। पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि शव पानी के बहाव के साथ किसी दूसरे स्थान से बहकर कलियाडीह कैनाल तक पहुंचा हो। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस महिला की पहचान करने के साथ उसके परिजनों का पता लगाने और कैनाल के आसपास के इलाकों से जानकारी जुटाने में लगी है।


