
सरायकेला: चांडिल थाना क्षेत्र के NH-33 स्थित गोलचक्कर के पास सोमवार को खड़े एक टैंकर वाहन में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते टैंकर आग की लपटों से घिर गया और आसपास के इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र को खाली कराने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार टैंकर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद दमकल वाहन और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया।
आग की तीव्रता को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों और वाहनों की आवाजाही नियंत्रित कर दी। हादसे के कारण NH-33 पर रांची-जमशेदपुर मार्ग की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया। राहत की बात है कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग पूरी तरह बुझने के बाद टैंकर को हटाने और यातायात सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।