
जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में भूमिज विद्रोह के महानायक वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की जयंती इस बार भव्य रूप में मनाई जाएगी। 25 अप्रैल 2026 को बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में विशाल जनसभा और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
जयंती समारोह को लेकर आयोजन समिति द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। समिति ने जानकारी दी है कि इस कार्यक्रम में सिंहभूम के तीनों जिलों के साथ-साथ झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और असम से भी भूमिज समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे से होगी। सबसे पहले वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की पूजा-अर्चना की जाएगी, जिसके बाद एक विचार गोष्ठी आयोजित होगी। इस गोष्ठी में विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधि अपने विचार साझा करेंगे।
दोपहर बाद भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रीय कलाकार अपनी प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाएंगे।
आयोजन समिति ने बताया कि इस मौके पर राज्य के मंत्री और टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है। साथ ही पारंपरिक ग्राम व्यवस्था से जुड़े हातू सरदार, मुंडा, मानकी और डाकुआ को सम्मानित किया जाएगा।
यह आयोजन न सिर्फ वीर शहीद गंगा नारायण सिंह को श्रद्धांजलि देने का अवसर होगा, बल्कि भूमिज समाज की संस्कृति, परंपरा और एकता का भी भव्य प्रदर्शन देखने को मिलेगा।