
जमशेदपुर: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव और अमेरिका, इजराइल व ईरान के बीच जारी संघर्ष का असर अब आम लोगों की जिंदगी पर साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। देश के कई हिस्सों की तरह जमशेदपुर में भी एलपीजी गैस की भारी किल्लत देखने को मिल रही है।
शहर में हालात ऐसे बन गए हैं कि गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। महिलाएं, पुरुष ही नहीं बल्कि बच्चे भी घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने दो-दो बार गैस बुकिंग कराई है, इसके बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।
गैस की इस कमी ने लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। खासकर गृहिणियों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि रसोई का काम पूरी तरह से बाधित हो रहा है।
स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि कई गैस एजेंसियों में हंगामे की खबरें भी सामने आई हैं। हालात को नियंत्रित करने के लिए अब एजेंसियों पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई है और उनकी मौजूदगी में ही गैस का वितरण किया जा रहा है।
वहीं, कुछ महिला ग्राहकों ने एजेंसियों पर कालाबाजारी के आरोप भी लगाए हैं, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस संकट से निपटने के लिए क्या कदम उठाता है और कब तक आम लोगों को इस परेशानी से राहत मिलती है।