पहलगाम हमले की पहली बरसी पर छावनी बनी कश्मीर घाट, मंजर याद कर आज भी सिहर उठता है भावनगर का ये परिवार
Pahalgam Terror Attack Anniversary: पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। घाटी में हाई अलर्ट के बीच सेना चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी रख रही है।

जम्मू-कश्मीर की शांत वादियों में आज एक बार फिर सतर्कता का माहौल दिखा है। पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम की खूबसूरत बैसरन घाटी में जो खौफनाक मंजर देखा गया था, उसकी आज पहली बरसी है। उस हमले ने न केवल कश्मीर बल्कि पूरे हिंदुस्तान को हिलाकर रख दिया था।
आज जब देश उन मासूमों को याद कर रहा है जिन्होंने अपनी जान गंवाई, तब पूरी घाटी को एक अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है। खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद सुरक्षा बल किसी भी तरह की लापरवाही बरतने के मूड में नहीं हैं और चप्पे-चप्पे पर जवानों की तैनाती कर दी गई है।
आतंकी हमले की पहली बरसी को देखते हुए पूरे केंद्र शासित प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, धार्मिक स्थलों, पर्यटन केंद्रों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा काफी बढ़ा दी गई है। विशेष रूप से उन पर्यटन स्थलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है जिन्हें पिछले साल के हमले के बाद अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा था।