Spread the love

कटिहार: बिहार के कटिहार जिले में शनिवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोढ़ा थाना क्षेत्र के जुराबगंज के पास मजदूरों से भरी एक बस पलटने से 25 लोग घायल हो गए। इनमें 15 मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया स्थित जीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, बस में करीब 60 से 70 मजदूर सवार थे। सभी मजदूर नवादा जिले के एक ईंट-भट्ठे में काम करने के बाद पश्चिम बंगाल के कूचबिहार स्थित अपने घर लौट रहे थे। शनिवार सुबह करीब तीन बजे जब बस जुराबगंज के पास पहुंची, तभी एक कार अचानक अनियंत्रित होकर बस से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार को बचाने के प्रयास में बस चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार बस असंतुलित होकर सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घटना की सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए कोढ़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

कोढ़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनीत कुमार ने बताया कि कुल 25 घायल अस्पताल लाए गए थे। सभी का प्राथमिक उपचार किया गया। इनमें 10 लोगों की हालत सामान्य पाई गई, जबकि 15 घायलों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया रेफर कर दिया गया। बस चालक कृष्ण दास ने बताया कि मजदूरों को लेकर वह नवादा से कूचबिहार जा रहे थे। इसी दौरान अचानक सामने आई कार से टक्कर होने के बाद बस अनियंत्रित हो गई और पलट गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए एनएच-31 पर यातायात भी प्रभावित रहा।

error: Content is protected !!
Exit mobile version