सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में हुए फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी अशफाक अहमद उर्फ बल्लू (42) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पश्चिम बंगाल के बड़ा बाजार स्थित पुलकटिया रोड से गिरफ्तार किया गया। 2 जून 2026 को कपाली ओपी अंतर्गत इस्लामनगर में जमीन से जुड़े कार्य के दौरान अफसर नवाज नामक व्यक्ति पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। घटना के बाद पीड़ित की पहचान और शिकायत के आधार पर चांडिल (कपाली ओपी) थाना कांड संख्या 80/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, भौतिक साक्ष्य और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मुख्य आरोपी अशफाक अहमद उर्फ बल्लू की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी इस्लामनगर, कपाली का रहने वाला है और उसका पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2022 में चांडिल (कपाली ओपी) थाना में डकैती, मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।


