Spread the love

नाली जाम, जर्जर तार और खराब सड़कों पर मेयर सुधा गुप्ता सख्त, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

मानगो नगर निगम की मेयर श्रीमती सुधा गुप्ता ने पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के साथ मानगो बाजार क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। यह निरीक्षण क्षेत्र के लोगों और व्यापारियों से लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर किया गया।
निरीक्षण के दौरान मेयर ने बाजार की कई बुनियादी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
सबसे बड़ी समस्या नाली जाम की सामने आई, जहां कई जगहों पर नालियां पूरी तरह से अवरुद्ध पाई गईं। इससे जल जमाव और गंदगी की स्थिति बनी हुई है। इस पर मेयर ने नाराजगी जताते हुए सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा बाजार में कई स्थानों पर जर्जर और लटकते बिजली के तार भी देखे गए, जो हादसे का कारण बन सकते हैं। मेयर ने बिजली विभाग को तुरंत इन्हें ठीक करने और सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मानगो बाजार को जोड़ने वाली मुख्य सड़कों की स्थिति भी खराब पाई गई। इस पर मेयर ने संबंधित विभाग को जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू करने और गुणवत्तापूर्ण काम सुनिश्चित करने को कहा, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
साथ ही मेन रोड की नालियों के निर्माण की जरूरत को भी चिन्हित किया गया। मेयर ने नगर निगम अधिकारियों को जुस्को और बाजार समिति के साथ समन्वय बनाकर जल्द स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए।
मेयर सुधा गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से काम पूरा कर प्रगति रिपोर्ट देने को कहा।
वहीं, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता से स्थानीय लोगों ने जर्जर तार बदलने, नियमित सफाई और सड़क-नाली निर्माण की मांग की। इस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम और अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। मेयर ने सभी को मिलकर मानगो बाजार को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में काम करने का निर्देश दिया।

 

error: Content is protected !!
Exit mobile version