
जमशेदपुर के बालीगुमा क्षेत्र स्थित जल मीनार का आज मेयर सुधा गुप्ता और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मियों के साथ पूरे परियोजना स्थल का गहन अवलोकन करते हुए निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और लंबित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आईं। जल आपूर्ति योजना के तहत बिछाई जा रही पाइपलाइन का काम कई स्थानों पर अधूरा पाया गया, जिससे क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति बाधित हो रही है। वहीं, जल मीनार परिसर में उपयोग हो रहे कई उपकरण और सामग्री जर्जर स्थिति में मिले, जिससे कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
इन कमियों को लेकर मेयर सुधा गुप्ता ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस तरह की लापरवाही जनहित के साथ खिलवाड़ है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अधूरे पाइपलाइन कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए और जर्जर सामग्री को बदलकर उच्च गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, उन्होंने रोजाना मॉनिटरिंग और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जल आपूर्ति जैसी बुनियादी सुविधा में किसी भी प्रकार की बाधा सीधे आम जनता को प्रभावित करती है, इसलिए योजना को तय समयसीमा में पूरा करना बेहद जरूरी है। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने आश्वासन दिया कि जल्द समाधान कर क्षेत्र में नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
अंत में मेयर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस महत्वपूर्ण योजना को तेजी से पूरा कर बालीगुमा क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।