अक्षर संवाद | विशेष रिपोर्ट
बिष्टुपुर चाय स्टॉल कांड: गरम चाय से झुलसी बच्ची के मामले में नया मोड़, अभिषेक पाठक का बयान सामने आया
जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित बजरंग चाय टी स्टॉल पर हुई दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना में मेहदी नामक एक बच्ची पर गरम चाय की केतली फेंक दी गई थी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में आक्रोश है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।
इसी बीच इस मामले में एक नया मोड़ तब आया जब अभिषेक पाठक का सोशल मीडिया पर बयान सामने आया। अपने बयान में उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि इस घटना से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने यह भी खंडन किया कि उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी घटना स्थल पर मौजूद नही थी। उनके अनुसार, कुछ लोग बिना किसी ठोस आधार के उनका नाम इस मामले में जोड़ रहे हैं, जो पूरी तरह से गलत और भ्रामक है।

अभिषेक पाठक ने अपील की है कि पुलिस प्रशासन निष्पक्ष जांच करे और असली दोषियों को जल्द से जल्द पकड़कर सख्त सजा दे। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की संवेदनशील घटना में अफवाह फैलाना सही नही है।
वहीं दूसरी ओर, बच्ची की हालत अभी भी चिंताजनक बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस घटना ने एक बार फिर समाज में बढ़ती असंवेदनशीलता और हिंसक प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजरें पुलिस जांच और न्यायिक कार्रवाई पर टिकी हैं, ताकि पीड़ित बच्ची को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।