Spread the love

जमशेदपुर: बढ़ती जीवनशैली संबंधी बीमारियों और मोटापे की समस्या को देखते हुए टाटा मेन हॉस्पिटल ने मरीजों के लिए एक नई पहल की है। अस्पताल में 1 अगस्त 2026 से समर्पित ओबेसिटी (मोटापा) क्लिनिक की शुरुआत की जा रही है। यह क्लिनिक प्रत्येक शनिवार सुबह 10 बजे से 11 बजे तक टीएमएच के डायबिटीज केयर सेंटर में संचालित होगा। इस पहल का उद्देश्य मोटापे से जूझ रहे लोगों को समय पर विशेषज्ञ सलाह, उपचार और जीवनशैली में सुधार के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, वर्तमान में दुनिया भर में एक अरब से अधिक लोग मोटापे की समस्या से प्रभावित हैं। अनुमान है कि दुनिया का हर आठवां व्यक्ति मोटापे से जूझ रहा है। वर्ष 1975 के बाद से मोटापे के मामलों में लगभग तीन गुना वृद्धि दर्ज की गई है, जिसका मुख्य कारण बदलती जीवनशैली, शारीरिक गतिविधियों में कमी और असंतुलित खानपान को माना जाता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि मोटापा केवल वजन बढ़ने की समस्या नहीं है, बल्कि यह कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। मोटापे के कारण उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग, जोड़ों की समस्या, स्लीप एपनिया और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का खतरा काफी बढ़ जाता है। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच, वजन की निगरानी और जीवनशैली में बदलाव बेहद जरूरी है।

इन्हीं पहलुओं को ध्यान में रखते हुए टीएमएच की नई ओबेसिटी क्लिनिक में मरीजों की व्यापक जांच की जाएगी। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा वजन प्रबंधन, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, जीवनशैली में बदलाव संबंधी परामर्श दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर मरीजों को दवा आधारित उपचार भी उपलब्ध कराया जाएगा।

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि फिलहाल ओबेसिटी क्लिनिक के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की सुविधा शुरू नहीं हुई है। इसलिए मरीज निर्धारित समय पर सीधे डायबिटीज केयर सेंटर पहुंचकर परामर्श ले सकते हैं। अस्पताल की टीम मौके पर ही मरीजों का पंजीकरण और अपॉइंटमेंट की प्रक्रिया पूरी करेगी। ऑनलाइन बुकिंग सुविधा शुरू होने तक यही व्यवस्था लागू रहेगी।

error: Content is protected !!
Exit mobile version