
जमशेदपुर: युवाओं को नशे से दूर रखकर विकसित भारत के निर्माण की दिशा में केंद्र सरकार एक बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के स्वायत्तशासी निकाय मेरा युवा भारत (MY Bharat) के तत्वावधान में “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान” का आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत 2 अगस्त 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के युवाओं से वर्चुअल माध्यम से संवाद करेंगे और उन्हें नशामुक्त भारत के निर्माण का संदेश देंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के करीब 10 हजार स्थानों को एक साथ जोड़ा जाएगा। आयोजन में एक करोड़ से अधिक युवाओं की प्रत्यक्ष और वर्चुअल भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रधानमंत्री युवाओं से नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने और विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करेंगे।
पूर्वी सिंहभूम जिले में भी इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें MY Bharat के स्वयंसेवक, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के छात्र-छात्राएं, युवा क्लबों के सदस्य, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी, विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि, गैर-सरकारी संगठन, औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागी नशा मुक्ति की शपथ लेकर समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेंगे। अभियान की खास बात यह है कि यह केवल एक दिवसीय कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा। इसके बाद लगातार 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को खेल, फिटनेस, योग, ध्यान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जन-जागरूकता अभियान, वॉकाथॉन, नुक्कड़ नाटक, हस्ताक्षर अभियान और सामुदायिक सहभागिता जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में सकारात्मक जीवन मूल्यों को बढ़ावा देने और नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
जिला प्रशासन एवं MY Bharat, पूर्वी सिंहभूम ने जिले के सभी शिक्षण संस्थानों, युवा संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा MY Bharat पोर्टल पर ई-प्रतिज्ञा (e-Pledge) लेने की अपील की है।