जमशेदपुर में पुलिस का विशेष जांच अभियान लगातार जारी है और इसी कड़ी में कदमा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक शातिर अपराधी को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया है, साथ ही उसकी निशानदेही पर दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं।
जानकारी के अनुसार, जांच अभियान के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छापेमारी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू करुआ के रूप में हुई है। पुलिस ने जब उससे कड़ी पूछताछ की, तो उसकी निशानदेही पर दो और चोरी की बाइक बरामद कर ली गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी इस तरह की घटनाओं में संलिप्त रह चुका है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।


