


जमशेदपुर: उलीडीह ओपी क्षेत्र के आदिवासी क्लब के समीप रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शकोंसाई रोड नंबर-2 निवासी 24 वर्षीय विकास सिंह के रूप में हुई है। शव झाड़ियों में पड़ा मिला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिजनों के अनुसार विकास सिंह शनिवार रात उलीडीह में अपने भगिने से मिलने गया था। मुलाकात के बाद वह घर लौटने के लिए निकला, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा।
रविवार सुबह उलीडीह की एक युवती ने फोन कर परिजनों को विकास का शव मिलने की सूचना दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान मिले हैं। इसके आधार पर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतक के भाई ने इलाके के कुछ नशेड़ियों पर हत्या का संदेह व्यक्त किया है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है और संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

