
- सात दोस्तों के साथ चार बाइकों से पहुंचा था कोलाबाड़िया, नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने से हुई मौत
जमशेदपुर : दोस्तों के साथ खरकई नदी में नहाने गए बागबेड़ा के 17 वर्षीय अमन कांडीर की डूबने से मौत हो गई। शुक्रवार की सुबह राजनगर थाना क्षेत्र के कोलाबाड़िया गांव के पास यह हादसा हुआ। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। मृतक की पहचान पूर्वी सिंहभूम जिले के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित न्यू कॉलोनी, घाघीडीह निवासी पोल कांडीर के पुत्र अमन कांडीर (17) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अमन शुक्रवार की सुबह अपने सात दोस्तों के साथ चार बाइकों पर सवार होकर कोलाबाड़िया स्थित खरकई नदी पहुंचा था। सभी दोस्त नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान अमन नहाते-नहाते गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलने पर राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।












