
कुमारडुंगी : पश्चिमी सिंहभूम के कुमारडुंगी में बालू की आपूर्ति को लेकर कारोबारियों के बीच चल रही खींचतान शुक्रवार रात सड़क पर दिखाई दी। मंझारी की ओर से बालू लेकर पहुंचे ट्रैक्टरों को कुदाहातु चौक पर रोके जाने के बाद दो पक्षों में विवाद हो गया। तनाव बढ़ने की सूचना पर कुमारडुंगी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया और वहां से घर भेज दिया। इस घटना ने क्षेत्र में कथित अवैध बालू उठाव, रात में होने वाली ढुलाई और आपूर्ति पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बाहरी ट्रैक्टरों से आपूर्ति पर विरोध
जानकारी के अनुसार, मंझारी थाना क्षेत्र से दर्जनों ट्रैक्टर बालू लेकर रात के समय कुमारडुंगी पहुंच रहे थे। स्थानीय बालू कारोबारियों ने कुदाहातु चौक पर उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों गुटों के बीच कहासुनी बढ़ गई। कुमारडुंगी के कारोबारियों का कहना था कि उनके क्षेत्र में बालू की जरूरत स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं के माध्यम से पूरी की जाएगी। उनका तर्क है कि दूसरे इलाके से ट्रैक्टर आने पर उनका कारोबार प्रभावित होता है। विवाद के पीछे बालू की आपूर्ति पर अपना नियंत्रण बनाए रखने की प्रतिस्पर्धा भी बताई जा रही है।
एक ट्रॉली की कीमत साढ़े चार हजार तक
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में एक ट्रॉली बालू के लिए चार हजार से साढ़े चार हजार रुपये तक लिए जा रहे हैं। इससे मकान निर्माण कराने वाले परिवारों का खर्च बढ़ रहा है। लोगों का कहना है कि बालू की उपलब्धता के बावजूद ऊंची कीमतों का बोझ खरीदारों को उठाना पड़ रहा है। आरोप है कि कुमारडुंगी की आमड़ा और धानसारी नदियों से बड़ी मात्रा में अवैध बालू निकाला जा रहा है। कुछ लोग दिन में बालू निकालकर घरों के आसपास जमा करते हैं और अंधेरा होने पर उसकी आपूर्ति शुरू कर देते हैं।
रात में ढुलाई, रास्तों पर निगरानी का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ ट्रैक्टर रात में सीधे नदी से बालू उठाकर निकलते हैं। कार्रवाई से बचने के लिए वाहनों के आगे लोग चलकर रास्ते की निगरानी करते हैं। नदी के आसपास के चौक-चौराहों पर भी नजर रखे जाने की बात कही जा रही है। स्थानीय स्तर पर यह शिकायत भी है कि मंझारी से आने वाले कुछ वाहन बाईहातु के रास्ते गुजरते हैं, जबकि कई ट्रैक्टर थाना और अंचल कार्यालय के सामने वाली सड़क से निकलते हैं। इसके बावजूद ढुलाई जारी रहने पर निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
तीन ट्रैक्टर पकड़ने के बाद भी शिकायतें जारी
दो दिन पहले आमड़ा नदी से कथित अवैध बालू लेकर निकल रहे तीन ट्रैक्टरों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा था। इसके बाद भी उठाव और ढुलाई जारी रहने की शिकायत है। मझगांव, मंझारी और तांतनगर क्षेत्रों से भी ऐसे आरोप सामने आ रहे हैं। स्थानीय लोगों में नाराजगी है कि अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।












