
नेमरा : स्वर्गीय रूपी सोरेन के श्राद्ध कर्म में शामिल होने पहुंच रहे लोगों की सुविधा के लिए नेमरा गांव में व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। गांव के प्रवेश द्वार पर वाहन पड़ाव, वहां से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास तक ऑटोरिक्शा और एक साथ एक हजार से अधिक लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। आयोजन में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न क्षेत्रों से लोगों का आगमन हो रहा है। बाबा रामदेव के भी संस्कार भोजन में शामिल होने की जानकारी दी गई है।
गांव के बाहर पार्किंग, आगे ऑटोरिक्शा की सुविधा
आगंतुकों के वाहनों से गांव के भीतर भीड़ न बढ़े, इसके लिए प्रवेश क्षेत्र में बड़ा पार्किंग स्थल बनाया गया है। वाहन खड़ा करने के बाद लोगों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए ऑटोरिक्शा उपलब्ध हैं। जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो भी मुख्यमंत्री के आवास पहुंचे। वापसी में उन्होंने अपने अंगरक्षकों के साथ ऑटोरिक्शा से सफर किया। रांची और बोकारो की ओर से आने वाले लोगों को रास्ता पहचानने में परेशानी न हो, इसके लिए मुख्य मार्ग पर दिशा बताने वाले संकेत लगाए गए हैं।
पांच किलोमीटर तक यातायात पर निगरानी
बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए मुख्य सड़क पर करीब पांच किलोमीटर तक डिवाइडर लगाए गए हैं। यातायात सुचारु रखने के लिए लगभग हर सौ मीटर पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। व्यवस्था का उद्देश्य वाहनों का दबाव नियंत्रित रखना और आगंतुकों को कार्यक्रम स्थल तक आसानी से पहुंचाना है। नेमरा में पूर्व में हुए बड़े जुटान के दौरान सड़क जाम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए इस बार पार्किंग और आवागमन पर विशेष जोर दिया गया है।
विशाल भोजन मंडप, पेयजल और चाय भी उपलब्ध
संस्कार भोजन के लिए बनाए गए मंडप में एक बार में एक हजार से अधिक लोग बैठ सकते हैं। आने वालों के लिए शीतल पेयजल और चाय की व्यवस्था भी है। ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मियों के लिए अलग भोजन स्थल बनाया गया है, ताकि उनकी जिम्मेदारियों के निर्वहन में बाधा न आए। गांव में साफ-सफाई के लिए रामगढ़ नगर परिषद के सफाईकर्मी लगाए गए हैं। मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग भी कराई गई है।
परिवार के साथ पहुंचे सोमेश, सामाजिक विधियों में लिया भाग
घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन अपनी माता और बहन के साथ शनिवार सुबह नेमरा पहुंचे। उन्होंने सामाजिक विधि-विधानों में भाग लिया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, विधायक कुमार जयमंगल और पूर्व विधायक अंबा प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधियों का भी आगमन हुआ।
कोल्हान से भी पहुंचे नेता और कारोबारी
पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी, सुनील महतो मिता तथा अन्य नेताओं ने उपस्थिति दर्ज कराई। उद्यमी राजकुमार अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से मिलकर संवेदना व्यक्त की। मानव केडिया के साथ सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि भी नेमरा पहुंचे। लगातार हो रहे आगमन के बीच प्रशासनिक अधिकारी सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी में सक्रिय रहे।











