
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित श्री डूंगरी में होटल निर्माण को लेकर विवाद हो गया। सड़क पर गिट्टी, बालू और अन्य निर्माण सामग्री गिराने को लेकर ग्रामीणों और बिल्डर के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि श्रीनाथ होम्स के संचालक सुखदेव महतो की पिटाई कर दी गई। घटना में घायल सुखदेव महतो को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में दोनों पक्षों ने आदित्यपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
सड़क पर निर्माण सामग्री गिराने का विरोध
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माणाधीन होटल के पास सड़क पर बालू और गिट्टी बिखरी रहने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। इससे पैदल चलने वालों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसी समस्या को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और बिल्डर के साथ मारपीट की गई।
बिल्डर ने भी दर्ज कराई शिकायत
सुखदेव महतो की शिकायत के अनुसार, वह होटल का निर्माण करा रहे थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने उनके साथ विवाद किया और मारपीट की। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर निर्माण सामग्री गिराए जाने से लोगों को परेशानी हो रही थी। दोनों पक्षों ने अपने-अपने दावों के समर्थन में वीडियो साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।












