
- बाइक से पेट्रोलिंग कर अधिकारियों ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, भीड़ नियंत्रण से लेकर सीसीटीवी और इमरजेंसी इंतजाम तक की जांच
जमशेदपुर : कोलकाता के चोरबागान में दुर्गापूजा पंडाल में हुए भीषण हादसे के बाद जमशेदपुर में भी पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया है। रविवार को शहर के प्रमुख दुर्गापूजा पंडालों का निरीक्षण कर अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं की भीड़, प्रवेश और निकास द्वार, आपात स्थिति से निपटने की तैयारी और पुलिस की तैनाती की समीक्षा की गई।
एसएसपी डॉ. एहतशाम वकारिब पहले ही सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर चुके हैं। वहीं, रविवार को सिटी एसपी ललित मीणा और एसडीओ अर्णव मिश्रा बाइक से प्रमुख पूजा पंडालों के निरीक्षण के लिए निकले। अधिकारियों ने पंडालों में भीड़ के दबाव से श्रद्धालुओं को परेशानी नहीं होने देने और आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
भीड़ बढ़ने पर पंडाल के बाहर रोकने का निर्देश
पुलिस ने पूजा समितियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पंडाल में भीड़ बढ़ने पर श्रद्धालुओं को बाहर ही नियंत्रित किया जाए। भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त संख्या में वालंटियर तैनात रखने और प्रवेश व निकास द्वार पर विशेष निगरानी करने को कहा गया है। अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिया कि किसी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन यंत्रों, महिला-पुरुष के लिए अलग प्रवेश द्वार, रैंप, निकास संकेतक, पार्किंग, डस्टबिन और पेयजल की व्यवस्था की भी जांच की गई। कमियां मिलने पर पूजा समितियों को तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया गया।
बाइक पेट्रोलिंग से प्रमुख इलाकों पर नजर
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस बाइक पेट्रोलिंग पर भी विशेष जोर दे रही है। इसका उद्देश्य प्रमुख सड़कों, पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाना है। पुलिसकर्मियों को लगातार गश्त करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है।
पंडालों और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी की जा रही है। पुलिस कंट्रोल रूम से सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने की तैयारी है। अधिकारियों ने थाना प्रभारियों और अतिरिक्त पुलिस बल को सतर्क रहने तथा किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
मानगो में भी सुरक्षा व्यवस्था की जांच
मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त जितेंद्र कुमार यादव ने भी रविवार को विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र, प्रवेश और निकास द्वार, रैंप, पार्किंग तथा पेयजल जैसी सुविधाओं की जांच की गई। भीड़ नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त वालंटियर तैनात रखने और कमियां मिलने पर तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया गया।
मौके पर नगर प्रबंधक निशांत कुमार, दिनेश्वर यादव, प्रदीप कुमार और सफाई पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
प्रशासन का जोर इस बात पर है कि दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल मिले और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।












