
- घाघीडीह जेल में अपराधियों से हुई थी राहुल महतो की मुलाकात, लूटे गए 24 लाख के गहने बरामद; खरीदार समेत दो गिरफ्तार
चांडिल : चांडिल बाजार बस स्टैंड के समीप पूर्व आभूषण व्यवसायी उमंग चौधरी के घर हुई डकैती के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, डिलीवरी कंपनी में घर-घर कूरियर पहुंचाने का काम करने वाले स्थानीय युवक राहुल कुमार महतो ने ही उमंग चौधरी के घर को चिन्हित कर डकैतों को बुलाया था। इस मामले में पुलिस ने राहुल महतो और लूटे गए गहनों के कथित खरीदार त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से करीब 24 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए हैं।
घाघीडीह जेल में हुई थी अपराधियों से मुलाकात
मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक दुसरू बानसिंह ने सोमवार को चांडिल एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम (एसआइटी) ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की। जांच के दौरान स्थानीय अपराधी राहुल कुमार महतो की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में राहुल ने बताया कि वर्ष 2022-23 में घाघीडीह जेल में बंद रहने के दौरान उसकी मुलाकात डकैती कांड के आरोपित मोहिउद्दीन अंसारी और सोबराती अंसारी से हुई थी। इसी संपर्क के बाद उसने उमंग चौधरी के घर को चिन्हित कर डकैतों को बुलाया और वारदात को अंजाम दिलवाया।
पहले पांच आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, इस डकैती कांड के मुख्य आरोपित मोहिउद्दीन अंसारी, गुलजार अंसारी, सद्दाम अंसारी, सोबराती अंसारी और शेख जमील को पहले ही हजारीबाग से गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। आगे की जांच में राहुल महतो और लूटे गए आभूषणों के कथित खरीदार त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार की गिरफ्तारी हुई। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पांच किलो से अधिक चांदी और सोना बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार खरीदार त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार की निशानदेही पर बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद किए हैं। इनमें 5,142 ग्राम गली हुई चांदी, 80 ग्राम गला हुआ सोना, ब्रिटिश काल के 32 चांदी के सिक्के, चांदी के दो स्वास्तिक और ब्रेसलेट में लगे 11 हीरे शामिल हैं। बरामद आभूषणों की कुल कीमत करीब 24 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस ने दो मोबाइल फोन और एक हीरो होंडा बाइक भी जब्त की है।
एसआइटी ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की कार्रवाई
मामले के उद्भेदन के लिए गठित एसआइटी ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और बरामद सामान के आधार पर मामले की आगे की जांच की जा रही है।
छापेमारी दल में ये अधिकारी थे शामिल
छापेमारी दल में मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक दुसरू बानसिंह, प्रभारी नक्सल शाखा राजेश कुमार सिंह, यातायात थाना प्रभारी राजू, अंचल निरीक्षक चांडिल रवि कुमार सिंह, चांडिल थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।












