
रांची : झारखंड में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की प्रस्तावित राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल फिलहाल टल गई है। झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ ने पहले 21 अक्टूबर 2026 से हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया था, लेकिन अब इसकी तारीख बढ़ाकर 26 अक्टूबर कर दी गई है। संघ के अनुसार, 26 अक्टूबर की रात 12:01 बजे से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू होगी।
विजयादशमी और आपातकालीन सेवाओं को ध्यान में रखकर लिया फैसला
झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने बताया कि राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के साथ टेलीफोन पर बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान दुर्गा पूजा और विजयादशमी को देखते हुए प्रस्तावित हड़ताल की तारीख आगे बढ़ाने का अनुरोध किया गया। साथ ही कर्मचारियों की लंबित मांगों पर विचार कर समाधान का आश्वासन दिया गया।
इसके बाद संघ ने आम लोगों की परेशानी और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की जरूरत को ध्यान में रखते हुए हड़ताल की तारीख में बदलाव करने का निर्णय लिया।
25 अक्टूबर की रात तक जारी रहेगी सेवा
संघ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, 25 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक 108 एंबुलेंस सेवा का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके बाद 26 अक्टूबर की रात 12:01 बजे से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की घोषणा की गई है।
कर्मचारियों की लंबित मांगों पर समाधान की मांग
संघ ने राज्य सरकार से अपील की है कि हड़ताल शुरू होने से पहले कर्मचारियों की लंबित मांगों पर सकारात्मक पहल की जाए। संघ का कहना है कि कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान केवल आश्वासन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसे धरातल पर लागू किया जाना चाहिए।
जिला इकाइयों को दिए गए निर्देश
झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ ने राज्य के सभी जिला अध्यक्षों, जिला सचिवों और कर्मचारियों को संशोधित कार्यक्रम की जानकारी देने तथा इसका पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
अब सबकी नजर स्वास्थ्य विभाग की अगली पहल पर है। यदि निर्धारित समय तक कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं होता है, तो 26 अक्टूबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण राज्य की 108 एंबुलेंस सेवा प्रभावित होने की आशंका रहेगी। हालांकि, सेवा पर वास्तविक असर और वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा है।












