
जमशेदपुर: सुंदरनगर थाना क्षेत्र के तलसा गांव में आज नि:शुल्क दंत चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन मेराकी संस्था और अनपूर्णा डेंटल क्लिनिक के संयुक्त प्रयास से किया गया, जिसमें गांव के महिला, पुरुष और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने बारी-बारी से अपने दांतों की जांच कराई। जांच के दौरान कई लोगों में दांत से जुड़ी विभिन्न समस्याएं सामने आईं, जिनके लिए डॉक्टरों ने उचित उपचार की सलाह दी।
दंत चिकित्सक डॉ. सोनी शर्मा ने बताया कि शिविर में बड़ी संख्या में लोगों के दांतों में समस्या पाई गई, जिनका समय पर इलाज बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों को दांतों की साफ-सफाई और नियमित जांच कराने की भी सलाह दी।
वहीं पंचायत के मुखिया कान्हू ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर गांव के गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए काफी लाभकारी साबित होते हैं।
मेराकी संस्था की सचिव रीता पात्रों ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को उनके गांव में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें इलाज के लिए दूर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह के शिविर आयोजित किए जाएंगे।
रिपोर्ट: बिनोद केसरी, जमशेदपुर
📞 9431906113 / 6203488947
