
सरायकेला-खरसावां: जिले के चौका थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एनएच-33 पर तेज रफ्तार हाइवा सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक और खलासी वाहन के केबिन में फंस गए। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि एनएच-33 पर एक ट्रेलर सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा संख्या JH05AN4390 पीछे से आकर सीधे ट्रेलर में घुस गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद चालक और खलासी को वाहन से बाहर निकालने का प्रयास किया गया। फिलहाल दोनों घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

