
जमशेदपुर के जुगसलाई स्थित कपड़ा दुकान में घुसकर फायरिंग करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में दो और अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मनीष सिंह गिरोह से जुड़े जुगसलाई निवासी सन्नी सिंह सरदार और टेल्को निवासी सागर उपाध्याय शामिल हैं। दोनों के पास से पुलिस ने एक देसी पिस्तौल और दो जिंदा गोलियां बरामद की हैं।
मंगलवार को सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि दोनों आरोपी 15 मई को जुगसलाई नगर परिषद बाजार स्थित यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान में हुई फायरिंग की घटना में शामिल थे। इस घटना में कपड़ा कारोबारी दिनेश बेरिया बाल-बाल बच गए थे। अपराधी कार से पहुंचे थे और दुकान में घुसकर फायरिंग की थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि अपराधियों ने कारोबारी से रंगदारी की मांग की थी। रंगदारी नहीं देने और इलाके में वर्चस्व कायम करने के उद्देश्य से घटना को अंजाम दिया गया था। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सन्नी सिंह सरदार के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में पहले से सात मामले दर्ज हैं, जबकि सागर उपाध्याय पर एक मामला दर्ज है।
इस मामले में पुलिस पहले ही छह अपराधियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन, राहुल कुमार उर्फ राहुल सिंह उर्फ बड़कू, हरप्रीत सिंह भामराह उर्फ हैप्पी, राहुल सिंह उर्फ गेटलु, अंकित सोनकर उर्फ अंकित खटीक और बानेश्वर नामता शामिल हैं। इनमें बानेश्वर नामता सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि अन्य सभी आरोपी जुगसलाई थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह की गतिविधियों की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।












