
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शूटिंग रेंज की आधारभूत संरचना, खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा मानकों और उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया। बदहाल व्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर शूटिंग रेंज का निरीक्षण किया और कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है। राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। ऐसे में उन्हें विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शूटिंग रेंज का आधुनिकीकरण किया जाए और खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए सभी आवश्यक संसाधन समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराए जाएं।

हेमंत सोरेन ने कहा कि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रशिक्षण और अवसर मिलना चाहिए, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में झारखंड का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने खेल अवसंरचना को मजबूत करने और दीर्घकालिक रणनीति के तहत खिलाड़ियों के विकास पर विशेष जोर दिया।निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने शूटिंग रेंज में उपलब्ध हथियारों और अन्य उपकरणों के रखरखाव में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए फायर एक्सटिंग्विशर और फायर हाइड्रेंट की मॉक ड्रिल नियमित रूप से कराने तथा सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को और बेहतर बनाने को कहा। मुख्यमंत्री ने शूटिंग रेंज में अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने स्वयं शूटिंग राइफल से निशाना लगाकर भी व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के समय खेल मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, खेलकूद विभाग के सचिव मुकेश कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर मंच और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
