जमशेदपुर: राष्ट्रीय मत्स्य किसान दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम जिला मत्स्य कार्यालय परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के मत्स्य पालकों, मत्स्य मित्रों और महिला उद्यमियों को सम्मानित किया गया। साथ ही मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से आठ मत्स्य बीज उत्पादकों के बीच 1 करोड़ 60 लाख मत्स्य स्पॉन का वितरण किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू थीं, जबकि जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मत्स्य निदेशालय, रांची के उप मत्स्य निदेशक मनोज कुमार ठाकुर ने विशेष अतिथि के रूप में भाग लिया। इस दौरान जिला मत्स्य पदाधिकारी अलका पन्ना, मत्स्य प्रसार पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में मत्स्य पालक, मत्स्य मित्र और महिला उद्यमी उपस्थित रहे।
उप मत्स्य निदेशक मनोज कुमार ठाकुर ने कहा कि आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर मत्स्य उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने मत्स्य पालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और स्वरोजगार का प्रभावी माध्यम बताते हुए सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। मुख्य अतिथि बारी मुर्मू और विशिष्ट अतिथि पंकज सिन्हा ने भी मत्स्य पालकों को वैज्ञानिक तरीके से मत्स्य पालन अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के जरिए किसान अपनी आय बढ़ाने के साथ आत्मनिर्भर बन सकते हैं। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले मत्स्य मित्रों और महिला उद्यमियों को प्रशस्ति-पत्र एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में विभागीय अधिकारियों ने मत्स्य पालन से जुड़ी सरकारी योजनाओं, उत्पादन बढ़ाने की तकनीकों और रोजगार के अवसरों की जानकारी देकर किसानों को अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
