
गुवा (पश्चिमी सिंहभूम): पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा स्थित भट्टीसाई में यात्रियों की सुविधा के लिए बनाया गया नया बस स्टैंड वर्षों बाद भी शुरू नहीं हो सका है। निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद अब तक इसका उद्घाटन नहीं होने से करोड़ों रुपये की लागत से तैयार यह सार्वजनिक सुविधा केंद्र बेकार पड़ा हुआ है। लंबे समय से उपयोग नहीं होने के कारण बस स्टैंड की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बस स्टैंड में यात्रियों के लिए शेड, बैठने की व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित की गई थीं, ताकि बसों का संचालन व्यवस्थित तरीके से हो सके और यात्रियों को धूप, बारिश तथा अन्य मौसम संबंधी परेशानियों से राहत मिल सके। लेकिन उद्घाटन नहीं होने के कारण पूरा परिसर वीरान पड़ा है।
देखरेख के अभाव में बस स्टैंड परिसर में झाड़ियां उग आई हैं और कई स्थानों पर भवन की हालत भी खराब होने लगी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इसका संचालन शुरू नहीं किया गया तो सरकारी संपत्ति को और अधिक नुकसान पहुंच सकता है। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का मानना है कि नए बस स्टैंड के शुरू होने से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि बड़ाजामदा क्षेत्र की यातायात व्यवस्था भी अधिक सुगम और व्यवस्थित होगी। इससे सड़क किनारे होने वाले अव्यवस्थित बस परिचालन पर भी रोक लग सकेगी। लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि नए बस स्टैंड का जल्द उद्घाटन कर इसे आम लोगों के लिए चालू किया जाए। साथ ही परिसर की साफ-सफाई, मरम्मत और नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि सरकारी धन से निर्मित इस परियोजना का लाभ जनता को मिल सके और करोड़ों रुपये की लागत से तैयार बस स्टैंड अनुपयोगी होने से बचाया जा सके।
