जमशेदपुर: बागबेड़ा क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की बदहाली, नियमित कचरा उठाव नहीं होने और नालों की सफाई की मांग को लेकर शुक्रवार को बागबेड़ा मंडल कांग्रेस कमेटी ने प्रखंड कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। मंडल अध्यक्ष राज नारायण यादव के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमशेदपुर बीडीओ सुमित कुमार को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बागबेड़ा कॉलोनी और आसपास के इलाकों में समय पर कचरा नहीं उठाए जाने से जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। इससे दुर्गंध फैल रही है और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि बरसात से पहले नालों और नालियों की समुचित सफाई नहीं होने के कारण कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
मंडल अध्यक्ष राज नारायण यादव ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर सफाई व्यवस्था में सुधार, नियमित कचरा उठाव और सड़कों पर जमा कचरे का निस्तारण नहीं किया गया, तो कांग्रेस कार्यकर्ता जनहित में उग्र आंदोलन करेंगे। जिला महासचिव एवं जमशेदपुर ग्रामीण प्रखंड प्रभारी राकेश साहू ने कहा कि यह केवल सफाई का नहीं बल्कि जनस्वास्थ्य का गंभीर मुद्दा है। प्रशासन को तत्काल प्रभाव से ठोस कदम उठाकर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान प्रखंड अध्यक्ष आशीष ठाकुर, मंडल प्रभारी अरुण त्रिपाठी, प्रदेश कोऑर्डिनेटर परितोष सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
