जमशेदपुर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां तीन किलो से अधिक गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी कुमार शिवाशिश ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह थाना क्षेत्र का रहने वाला एक व्यक्ति सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बारिडीह इलाके में संदिग्ध गतिविधियों में शामिल है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और बारिडीह गोलचक्कर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 3 किलो 71 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पिंकू कर्मकार के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पंजाब के अमृतसर में भी मादक पदार्थों से जुड़े मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।


