
जमशेदपुर: जमशेदपुर पुलिस ने अवैध रत्न तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए बहरागोड़ा थाना क्षेत्र से करीब 1.095 किलोग्राम (1095 ग्राम) पन्ना बरामद किया है। जब्त किए गए पन्ना की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा रविवार को ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने प्रेसवार्ता में किया। ग्रामीण एसपी ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर बहरागोड़ा बस स्टैंड के आसपास पन्ना की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचने वाले हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ घाटशिला के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने निर्धारित स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। इसी दौरान दो दोपहिया वाहनों पर मौजूद तीन संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान विनय पातर (50 वर्ष), सिद्धेश्वर कालिन्दी (45 वर्ष), दोनों निवासी मुराकाटी, थाना गुड़ाबांदा तथा स्नेहाशिष मंगराज (44 वर्ष), निवासी खांड़देवली, थाना श्यामसुंदरपुर, जिला पूर्वी सिंहभूम के रूप में बताई। तलाशी के दौरान विनय पातर की यामाहा स्कूटी की डिक्की से प्लास्टिक में रखा 1.095 किलोग्राम पन्ना बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस ने दो मोटरसाइकिल, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और कुल 2300 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। बरामद वाहनों में एक झारखंड और एक ओडिशा नंबर की बाइक शामिल है। पुलिस का मानना है कि यह कोई संगठित तस्करी गिरोह हो सकता है, जो बहुमूल्य रत्नों की अवैध खरीद-बिक्री में सक्रिय है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पन्ना कहां से लाया गया था, इसका असली मालिक कौन है और इसे किस खरीदार तक पहुंचाया जाना था। पुलिस इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
