
जमशेदपुर: गोलमुरी स्थित मिथिला सांस्कृतिक परिषद के विद्यापति परिसर में रविवार को परिषद की वार्षिक आमसभा आयोजित की गई। आमसभा में परिषद के 356 आजीवन सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत परिषद के अध्यक्ष मोहन ठाकुर, महासचिव धर्मेश कुमार झा, कोषाध्यक्ष रंजीत कुमार झा, पूर्व अध्यक्षों एवं अन्य गणमान्य सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर तथा महाकवि विद्यापति के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।स्वास्तिवाचन पंडित विपिन झा ने किया, जबकि भगवती वंदना शंकर झा ने प्रस्तुत की। मंच संचालन राजेश कुमार झा (सिदगोड़ा) और कार्यवाही लेखन गोपाल चंद्र झा (आदित्यपुर) ने किया। सहायक महासचिव शिव चंद्र झा ने उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया। इसके बाद वर्ष 2025 की आमसभा की कार्यवाही सहायक महासचिव राजेंद्र कुमार कर्ण ने पढ़कर सुनाई, जिसे सदन ने सर्वसम्मति से अनुमोदित कर दिया।
महासचिव धर्मेश कुमार झा ने वर्षभर की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस दौरान पंकज कुमार राय ने तीन महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। पहला, अध्यक्ष और महासचिव को आवश्यक परिस्थितियों में 50 हजार रुपये तक खर्च करने का अधिकार दिया जाए, जिसका बाद में कार्यकारिणी से अनुमोदन कराया जाएगा। दूसरा, कार्यकारिणी का कार्यकाल दो वर्ष से बढ़ाकर तीन वर्ष किया जाए। तीसरा, नए सदस्यों के नामांकन शुल्क को 1100 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये किया जाए। तीनों प्रस्तावों को आमसभा ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। कोषाध्यक्ष रंजीत कुमार झा ने वार्षिक आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसे भी सदन ने पारित कर दिया। इसके बाद परिषद के विकास को लेकर आजीवन सदस्यों से सुझाव आमंत्रित किए गए। प्राप्त सुझावों पर नई कार्यकारिणी विचार करेगी। द्विवर्षीय कार्यकाल पूरा होने पर अध्यक्ष मोहन ठाकुर ने वर्तमान कार्यकारिणी को भंग करने की घोषणा की। इसके साथ ही अशोक कुमार झा ‘अविचल’, सरोज कांत झा और दीपक कुमार झा को चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया। चुनाव पर्यवेक्षक अशोक कुमार झा ने घोषणा की कि वर्ष 2026-29 के लिए नई कार्यकारिणी का चुनाव 2 अगस्त 2026 को होगा। चुनाव संबंधी विस्तृत कार्यक्रम शीघ्र जारी किया जाएगा। अंत में उपाध्यक्ष आकाश चंद्र मिश्र ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
