
जमशेदपुर: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक जमशेदपुर में आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ पार्टी की केंद्रीय समिति के कई सदस्य भी शामिल हुए। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों और वर्तमान में चल रही एसआईआर मैपिंग प्रक्रिया में नामों की त्रुटियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी बूथों पर पार्टी स्तर से बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति की जाएगी। इस संबंध में आगामी 2 जून को एक विशेष बैठक बुलाई गई है। बैठक में पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पाण्डेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।
बैठक के दौरान तीन महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए गए। पहले प्रस्ताव के तहत जिला स्तर से लेकर प्रखंड स्तर तक आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों के लिए जिला समिति की अनुमति अनिवार्य होगी। दूसरे प्रस्ताव में स्पष्ट किया गया कि पार्टी से बाहर का कोई भी व्यक्ति झामुमो का झंडा नहीं लगा सकेगा। वहीं तीसरे प्रस्ताव के तहत पार्टी के सभी सदस्यों को अपने-अपने घरों पर झामुमो का झंडा लगाने का निर्णय लिया गया।
पार्टी नेताओं ने कहा कि इन निर्णयों से संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने में मदद मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।

