Spread the love

 

जमशेदपुर: जमशेदपुर के जुगसलाई बाजार स्थित होटल गणगौर के वर्कशॉप में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वर्कशॉप को अपनी चपेट में ले लिया और पूरी फैक्ट्री जलकर खाक हो गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटों और धुएं के गुबार से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दहशत के कारण आसपास के लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।
स्थानीय लोगों के अनुसार वर्कशॉप में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाता था और मजदूर बिना पर्याप्त सेफ्टी के काम करते थे। लोगों का आरोप है कि लापरवाही के कारण ही यह हादसा हुआ है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इससे पहले भी यहां आग लग चुकी है, लेकिन इस बार आग ने विकराल रूप ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। खबर लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी थी।
बताया जा रहा है कि वर्कशॉप के अंदर एक दर्जन से ज्यादा गैस सिलेंडर मौजूद थे। हालांकि समय रहते कर्मचारियों ने सिलेंडरों को बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर आग आसपास के रिहायशी भवनों तक पहुंच जाती तो पूरा जुगसलाई क्षेत्र बड़ी तबाही की चपेट में आ सकता था।
घटना के बाद इलाके के लोगों में होटल गणगौर प्रबंधन के खिलाफ भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि घनी आबादी और भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह अवैध तरीके से वर्कशॉप चलाना बेहद खतरनाक है और प्रशासन को इस पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
error: Content is protected !!
Exit mobile version