
पलामू: झारखंड के पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित रबदा गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक चाचा ने अपने ही 12 वर्षीय भतीजे की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मृतक की पहचान साधु बैठा के 12 वर्षीय पुत्र रौशन बैठा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी चाचा ने किसी कारणवश मासूम पर धारदार चाकू से लगातार कई वार किए। हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।
प्रारंभिक स्तर पर मामला पारिवारिक विवाद या अंधविश्वास से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी एक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
