जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की योजना बना रहे चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। परसुडीह थाना क्षेत्र के ग़दरा प्राथमिक विद्यालय के पास छापेमारी कर पुलिस ने इन सभी को दबोचा।
पुलिस के अनुसार, 7 और 8 अप्रैल की रात करीब 3 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी इलाके में लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रौशन सिंह, रौशन कुमार, आजाद पाल और शिवनारायण रजक के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सभी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।


