
बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया। पटना से प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे तीन थाना प्रभारियों समेत एक चालक की जान चली गई। हादसा इतना भयावह था कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, इस दर्दनाक हादसे पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए दिवंगत अधिकारियों और चालक की आत्मा की शांति तथा उनके परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल देने की प्रार्थना की। जबकि बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सय्यद अता हसनैन ने भी घटना पर शोक जताया है. घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा स्थित एनएच-31 पर हुई। जानकारी के अनुसार मधेपुरा जिले के रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान, बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार और आरार थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमर सरकारी वाहन से पटना में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार, आरार थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमर और चालक नीरज कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान को तत्काल बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार, सदर डीएसपी आनंद पांडेय समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। एक साथ तीन थाना प्रभारियों और चालक की मौत की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई है। साथी अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी।
