
पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले में शहीद निर्दोष नागरिकों और वीर जवानों की याद में एक अनोखी पहल सामने आई है। प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन ने रक्तदान के जरिए शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
22 अप्रैल को ‘धरती का स्वर्ग’ कहे जाने वाले पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इस घटना में शहीद हुए निर्दोष नागरिकों और भारतीय सेना के वीर जवानों की स्मृति में प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन ने विशेष एसडीपी रक्तदान अभियान चलाया।इस अभियान के तहत सात एसडीपी रक्तदान किए गए, जिसके साथ ही संस्था ने कुल 1818वां एसडीपी रक्तदान का महत्वपूर्ण आंकड़ा पूरा किया। इस उपलब्धि को संस्था ने पहलगाम हमले में शहीद हुए सभी लोगों के नाम समर्पित किया। रक्तवीरों ने संदेश दिया कि भारतीय संस्कृति में खून बहाना नहीं, बल्कि किसी की जिंदगी बचाने के लिए रक्तदान करना सबसे बड़ा धर्म है।इस अभियान में रवि शंकर पात्रो, डॉ. विनय कुमार सिंह, बी. शेषा गिरी, गणेश, शुभेंदु मुखर्जी, मोहम्मद दानिश और पी. रामाकृष्णन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान जमशेदपुर ब्लड सेंटर के जीएम संजय चौधरी, डॉ. लव बहादुर सिंह, डॉ. पुष्पा झा, तकनीशियन अनुप कुमार श्रीवास्तव और धीरज कुमार सहित टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार, कुमारेस हाजरा, रवि शंकर और उत्तम कुमार गोराई मौजूद रहे। इस पहल ने यह साबित कर दिया कि देश के वीरों को सच्ची श्रद्धांजलि सिर्फ शब्दों से नहीं, बल्कि मानवता की सेवा से दी जा सकती है।