
जमशेदपुर: साकची बाजार में दुकानों की छतों पर लगे एसी के कॉपर पाइप और बिजली के तार चोरी किए जाने का मामला लगातार सामने आ रहा है। पिछले करीब दो महीने से हो रही चोरी की घटनाओं से दुकानदारों में नाराजगी है। मंगलवार को एक बार फिर चोरी की घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद बाजार में हड़कंप मच गया।
मामला साकची बाजार के डालडा लाइन इलाके का है। मंगलवार सुबह जब कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानें खोलीं और सुरक्षा के लिए लगाए गए CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी तो उनके होश उड़ गए। फुटेज में एक युवक दुकान की छत पर पहुंचकर AC के आउटर यूनिट से कॉपर पाइप और तार काटता हुआ नजर आया।
फुटेज में युवक की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई देने के बाद दुकानदारों ने आसपास उसकी तलाश शुरू कर दी। कुछ लोगों ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पकड़े गए युवक की पहचान रमजान के रूप में हुई है। वह कपाली के ओल्ड पुरुलिया रोड का रहने वाला बताया जा रहा है।
दुकानदारों के मुताबिक, AC के आउटर यूनिट से कॉपर पाइप और तार चोरी होने से उन्हें लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कॉपर की कीमत अधिक होने के कारण चोरों के लिए यह आसान कमाई का जरिया बन गया है। कई दुकानों के AC से पाइप और तार काटे जाने के कारण व्यापारियों को मरम्मत के साथ-साथ कारोबार प्रभावित होने का भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि अब तक उन्हें लगता था कि चोरी की घटनाएं मुख्य रूप से रात के अंधेरे में होती हैं, लेकिन CCTV फुटेज ने यह साफ कर दिया कि दिन के समय भी बाजार की छतों तक पहुंचकर चोरी की जा रही है। इससे दुकानदारों की चिंता और बढ़ गई है।
स्थानीय दुकानदारों ने बाजार में संदिग्ध लोगों की आवाजाही पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार में दिनभर कई लोग घूमते रहते हैं। इनमें कुछ लोग कचरा चुनने का काम करते हैं, जबकि कुछ की गतिविधियां संदिग्ध नजर आती हैं। ऐसे में पुलिस को बाजार की छतों और पीछे के रास्तों पर भी नियमित निगरानी रखनी चाहिए।
पुलिस अब पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि क्या वह अकेले ही AC के कॉपर और तार चोरी करता था या उसके पीछे कोई गिरोह काम कर रहा है। पुलिस पिछले दो महीनों में हुई चोरी की घटनाओं से भी आरोपी की संभावित संलिप्तता को जोड़कर जांच कर रही है।
दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से साकची बाजार में गश्त बढ़ाने, छतों पर निगरानी रखने और CCTV फुटेज के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं में शामिल लोगों की पहचान करने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने से इस तरह की घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है।

