
जमशेदपुर: महात्मा गांधी के जमशेदपुर आगमन के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर माइकल जॉन ऑडिटोरियम में शताब्दी समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गांधी के सत्य, अहिंसा, सत्याग्रह, नैतिकता और सामाजिक सद्भाव के विचारों पर चर्चा हुई। इस दौरान “गांधी आज भी प्रासंगिक हैं” विषय को केंद्र में रखते हुए वक्ताओं ने वर्तमान दौर में गांधीवादी मूल्यों को अपनाने की जरूरत बताई।
बांग्ला की प्रख्यात लेखिका जोया मित्रा ने कहा कि गांधी ने अहिंसा और सत्याग्रह के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। आज भी अन्याय और गलत नीतियों के खिलाफ अहिंसात्मक तरीके से आवाज उठाने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से सवाल पूछने और अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधी के संयम, अनुशासन और नैतिकता के आदर्श आज के युवाओं के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। सर्व सेवा संघ के अध्यक्ष चंदन पाल ने कहा कि सत्ता का मुकाबला सत्य और साहस के जरिए किया जा सकता है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में हिंदू-मुस्लिम एकता और गांधी की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना जरूरी है।
गांधीवादी समाजसेविका मनीषा बनर्जी ने कहा कि गांधी ने हिंसा और नफरत के खिलाफ जीवनभर संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि आज की सबसे बड़ी चुनौती लोगों की चुप्पी है। समाज को इससे बाहर निकलकर सवाल पूछने और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं में गांधी के सत्याग्रह के प्रति बढ़ती रुचि का भी उल्लेख किया।कार्यक्रम में टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष शाहनवाज आलम, झारखंड सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष शंकर राणा और पत्रकार एवं इप्टा से जुड़े पंकज श्रीवास्तव ने भी विचार रखे।
इस अवसर पर डॉ. सुखचंद झा द्वारा लिखित पुस्तक “झारखंड में महात्मा गांधी” का लोकार्पण किया गया। लेखक ने कहा कि पुस्तक लिखने के दौरान उन्हें गांधी के सहयात्री की तरह उनके विचारों और यात्राओं को समझने का अवसर मिला। प्रकाशक सर्व सेवा संघ प्रकाशन के संयोजक अशोक भारत ने कहा कि संस्था साहित्य के माध्यम से नई पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन की परंपराओं और मूल्यों से जोड़ने का प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में “मीडिया डिबेट का बदलता स्वरूप” विषय पर पैनल डिस्कशन भी हुआ। युवा विचारक आयुष चतुर्वेदी, समाजसेवी मंथन और पूर्बी पाल तथा नेताजी सुभाष बोस विश्वविद्यालय के व्याख्याता अनमोल ने विचार रखे। संचालन शुभम तन्मय ने किया। गांधी के जमशेदपुर आगमन की शताब्दी पर आयोजित प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में लिटिल स्टार के बच्चों ने गीत प्रस्तुत किए। स्वागत ओम प्रकाश, धन्यवाद ज्ञापन अंकुर शाश्वत और संचालन अरविंद अंजुम ने किया।

